शराब पीकर वाहन चलाने पर 85 वाहन किए जब्त

ग्वालियर
 नए साल की पहली रात को होने वाले सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस ने शुक्रवार की रात 10 बजे से शहर के प्रमुख मार्गों पर मोर्चा संभाल लिया था। पुलिस के टारगेट पर तेज रफ्तार में सड़क पर वाहन दौड़ाने वाले व नशे की हालत में वाहन चलाने वाले थे। पुलिस ने चार घंटे में नशे की हालत में वाहन चलाते हुए 85 लोगों को पकड़ा। पुलिस ने इनका वाहन जब्त कर कोर्ट का चालान बना दिया। पुलिस की सतर्कता का नतीजा यह रहा कि नए साल में सड़क हादसे में किसी की भी जान नहीं गई।

ट्रैफिक व थानों की पुलिस ने ब्रीथ एनालाइजर हाथ में थामकर नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई रात 10 बजे से शुरू की। पुलिस ने चेकिंग प्वाइंटों पर दोपहिया व चार पहिया वाहनों को रोका। चालक के नशे में होने की आशंका पर पुलिस ने ब्रीथ एनालाइजर मुंह पर लगाकर जोर से फूंक मारने के लिए कहा। ब्रीथ एनालाइजर से फूंक मारने वाले व्यक्ति के शराब पीये होने की पुष्टि होने पर वाहन को जब्त कर लिया और कोर्ट का चालान बना दिया। पुलिस ने चार घंटे में नशे में वाहन चलाते हुए 85 लोगों को पकड़ा।

10 से 12 हजार का भरना पड़ेगा जुर्माना: शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़े गए चालक को कोर्ट में मोटा जुर्माना भरना पड़ता है। चालक को नए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 10 से 12 हजार 500 रुपये तक का जुर्माना कोर्ट में भरना पड़ेगा। जुर्माना भरने के बाद ही जब्त वाहन की सुपुर्दगी मिलेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *