45 डिग्री की तपिश से लोग बेहाल, मौसम विभाग ने राहत के दिए संकेत
अमृतसर.
पंजाब में गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। नौतपा के बीच पंजाब का अधिकतम तापमान एक बार फिर 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। लेकिन जल्द मौसम में फेर बदल के आसार बनते दिख रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार बठिंडा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी और लू के चलते लोगों का दिनभर घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। मौसम केंद्र चंडीगढ़ की रिपोर्ट के अनुसार पंजाब में सामान्य से करीब 2.4 डिग्री अधिक तापमान दर्ज किया गया। पटियाला में 43.4 डिग्री, फरीदकोट में 42.5 डिग्री, लुधियाना में 42.5 डिग्री और फाजिल्का में 42.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। अमृतसर और चंडीगढ़ में भी पारा 41 डिग्री से ऊपर बना रहा।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस हो रहा एक्टिव
नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने राज्य में राहत की आशंका जताई है। मौसम विभाग के अनुसार 28 मई वीरवार को राज्य में बदलाव देखने को मिलेगा। कुछ इलाकों में इस दिन लू का अलर्ट है, जकि कुछ में बारिश की आंशका भी जताई गई है। लेकिन 29 मई को पूरे राज्य में वेस्टर्न डिस्टरबेंस से मौसम में बदलाव होगा।
आज पूरे राज्य में बढ़ेगी गर्मी
27 मई : मौसम विभाग ने फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, बठिंडा, मोगा, बरनाला, लुधियाना, संगरूर, मानसा और पटियाला में भीषण गर्मी की लहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरन तारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में येलो अलर्ट रहेगा।
28 मई : मौसम करवट लेना शुरू करेगा। फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, बठिंडा, बरनाला और मानसा में भीषण गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। जबकि पंजाब के कई अन्य जिलों में तेज हवाएं, बिजली चमकने और आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।
29 मई : पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना और पटियाला में आंधी-तूफान, बिजली और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट रहेगा। तरन तारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा, बरनाला, संगरूर और मानसा में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
30 मई : पंजाब के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाएं, बिजली चमकने और आंधी-तूफान की संभावना बनी रहेगी। पठानकोट, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि बाकी कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लू के बीच लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और गर्मी से बचाव रखने की सलाह दी है।



