अल्मोड़ा बेस अस्पताल को बड़ी सौगात, 4 करोड़ की लागत से तैयार हुआ आधुनिक बर्न ICU

अल्मोड़ा.

वनाग्नि समेत आग की अन्य घटनाओं में झुलसे मरीजों को अब बेस में बेहतर उपचार मिलेगा। अस्पताल में चार करोड़ की लागत से बर्न आईसीयू वार्ड बनकर तैयार हो गया है। बर्न वार्ड बनने से अल्मोड़ा समेत बागेश्वर और पिथौरागढ़ के मरीजों को हल्द्वानी और महानगरों की दौड़ लगाने से निजात मिलेगी। वार्ड में चार बेड की सुविधा होगी।

पहाड़ में अब तक आग से झुलसे मरीजों को केवल प्राथमिक उपचार मिलता था। सुविधाओं के अभाव में मरीजों हायर सेंटर रेफर कर दिया जाता था। पर अब बेस में बर्न आईसीयू वार्ड तैयार कर दिया गया है। वार्ड में चार बेड के साथ बर्न टप की व्यवस्था होगी। इसके अलावा वेंटिलेटर, मल्टीपैरामीटर मानिटर, केंद्रीय आक्सीजन आपूर्ति और संक्रमण नियंत्रण प्रणाली स्थापित की गई है। यहां झुलसे मरीजों के उपचार के लिए विशेषज्ञ सर्जनों की टीम उपलब्ध रहेगी। हालांकि, गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को प्लास्टिक सर्जरी की आवश्यकता पड़ने पर ऋषिकेश एम्स समेत हायर सेंटर की दौड़ लगानी होगी।पहाड़ में वनाग्नि के दौरान जंगलों की आग बुझाने में वन विभाग के कर्मचारी और अग्नि प्रहरी कई बार झुलस जाते हैं।

वहीं, सर्दियों में अंगीठी और हीटर की चपेट में आने से भी झुलसने के मामले सामने आते हैं। ऐसे मरीजों के लिए बर्न आईसीयू महत्वपूर्ण साबित होगा।बर्न वार्ड के संचालन के लिए आठ नर्सिंग कर्मियों, चार वार्ड ब्वाय और तीन पैरामेडिकल कर्मचारियों की आवश्यकता है। हालांकि, अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। जल्द ही प्रशिक्षित नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ के साथ वार्ड ब्वाय की तैनाती की जाएगी।

बर्न आईसीयू शुरू होने से झुलसे मरीजों को प्राथमिक और आवश्यक उपचार के लिए दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इससे मरीजों पर आर्थिक बोझ कम पड़ेगा। समय पर उपचार भी मिलेगा। अब तक मरीजों को हल्द्वानी और ऋषिकेश एम्स रेफर किया जाता था। लंबी दूरी तय करने में लगने वाले समय के कारण कई बार उपचार में देरी होती थी। स्थानीय स्तर पर बर्न आईसीयू वार्ड की सुविधा मिलने से मरीजों को काफी हद तक राहत मिलेगी। बर्न आईसीयू वार्ड तैयार हो चुका है। जल्द ही इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इससे झुलसे मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधाएं मिल सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *