NEET UG 2026 अपडेट: 14 जून तक एग्जाम सिटी और 16 जून तक एडमिट कार्ड जारी होने की संभावना

NEET (UG) 2026 की 21 जून को दोबारा होने वाली परीक्षा की तैयारियों को लेकर शिक्षा मंत्रालय और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के अधिकारी लगातार बैठकें कर रहे हैं और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। दोबारा परीक्षा देने वाले छात्र अपने होम टाउन में ही परीक्षा दें, इसको लेकर नए- नए सेंटरों को तलाशा गया है। करीब साढ़े तीन लाख छात्रों ने अपना परीक्षा शहर बदलने के लिए आवेदन किया है और दो चॉइस फिल की हैं।

एनटीए सूत्रों का कहना है कि जहां तक संभव होगा, हर छात्र को उसकी पहली चॉइस के परीक्षा शहर में पेपर देने की सुविधा दी जाएगी। परीक्षा शहर बदलने के आवेदनों को देखते हुए कुछ जगह पर सेंटर घटे हैं तो कुछ जगहों पर बढ़ाने पड़े हैं। नीट यूजी के लिए इस बार 22.79 लाख छात्र रेस में हैं

NEET एग्जाम सिटी और एडमिट कार्ड कब आएंगे?
सूत्रों का कहना है कि 14 जून से पहले सभी कैंडिडेट्स को एग्जाम सिटी की जानकारी मिल जाएगी और उन्हें पता चल जाएगा कि कौन से शहर में परीक्षा होगी। इसके बाद टारेगट है कि 16 जून तक छात्रों को एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए जाएंगे, एडमिट कार्ड में छात्र को पता चल जाएगा कि उनको कौन से सेंटर में पेपर देने जाना होगा। बताया जा रहा है कि यूपी में सबसे ज्यादा सेंटर बनाए गए हैं क्योंकि यूपी से सबसे ज्यादा छात्र आवेदन करते हैं। इसके बाद महाराष्ट्र और राजस्थान में ज्यादा सेंटर बने हैं।

NEET UG पर अफवाहों की हो रही जांच
सूत्र बता रहे हैं कि अगर छात्र ने देहरादून में परीक्षा देने का विकल्प भरा है तो उसको वहीं पर सेंटर दिया जाएगा लेकिन हो सकता है कि उस सेंटर पर छात्रों की संख्या बहुत ज्यादा हो तो दूसरा सेंटर दिया जाएगा लेकिन वह सेंटर भी दूर नहीं होगा, जैसे देहरादून और रूड़की में सेंटर होंगे। एनटीए के एक सीनियर अधिकारी का कहना है कि नीट- यूजी परीक्षा के बारे में जो भी दावे या अफवाहें फैलाई जा रही है, सोशल मीडिया पर जो भी कंटेंट आ रहा है, उन सबकी जांच हो रही है। साथ ही छात्र, अभिभावक, शिक्षक व अन्य जिनका भी फीडबैक मिल रहा है, उसके आधार पर भी सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

CUET-UG – शिफ्ट तय हुई, एडमिट कार्ड जारी
CUET-UG 2026 की परीक्षा दो दिन के लिए बढ़ानी पड़ी है। अभी 60 हजार छात्रों की परीक्षा होनी है। 6 जून की परीक्षा सुबह 9-12 बजे होगी और इस दिन सुबह की शिफ्ट में परीक्षा होगी। वहीं 7 जून की परीक्षा दोपहर 3-6 बजे के बीच होगी। बहुत से छात्रों के 7 जून को दूसरे एग्जाम हैं तो उनकी रिक्वेस्ट पर परीक्षा 6 जून को की गई है। दोनों दिन एक- एक शिफ्ट में परीक्षा होगी। एनटीए ने इस परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *