अमेरिका के ज्वेलरी शो में छाए सिद्धू मूसेवाला, करोड़ों के पेंडेंट ने खींचा सबका ध्यान
लास वेगास/चंगीगढ़.
अमेरिका में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय ज्वेलरी प्रदर्शनी में दिवंगत पंजाबी सुपरस्टार सिद्धू मूसेवाला के नाम से जुड़ा एक खास ज्वेलरी पीस लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। लास वेगास में 5 जून को हुए प्रतिष्ठित ज्वेलरी ट्रेड इवेंट में यह पेंडेंट पहली बार सार्वजनिक रूप से पेश किया गया, जिसे न्यूयॉर्क की एक जानी-मानी ज्वेलरी कंपनी ने तैयार किया है।
इस पेंडेंट की सबसे बड़ी खासियत इसकी कलात्मक डिजाइन है। इसमें पगड़ी पहने, रिवाल्वर लिए हुए चेहरे की आकृति बनाई गई है, जो मूसेवाला की पहचान और उनकी सांस्कृतिक छवि को दर्शाती है। हीरों और रत्नों की बारीक जड़ाई इसे एक हाई-एंड कस्टम ज्वेलरी पीस का रूप देती है। इस एक्सक्लूसिव पेंडेंट की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 लाख अमेरिकी डॉलर बताई जा रही है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग डेढ़ से पौने दो करोड़ रुपये के बराबर है।
कंपनी की जानकारी के मुताबिक, इस पेंडेंट में कुल 81.92 कैरेट के नेचुरल डायमंड्स जड़े गए हैं, जबकि इसे 14 कैरेट गोल्ड से तैयार किया गया है। पेंडेंट का वजन लगभग 400 ग्राम बताया जा रहा है, जो इसे बेहद खास और प्रीमियम बनाता है। कंपनी ने इस पेंडेंट का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर साझा किया है, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। दुनियाभर से फैंस और ज्वेलरी एक्सपर्ट्स इस अनोखी क्रिएशन पर चर्चा कर रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि किसी कलाकार को समर्पित इस तरह की ज्वेलरी उसकी अंतरराष्ट्रीय लोकप्रियता और स्थायी प्रभाव को दर्शाती है। प्रदर्शनी के दौरान मौजूद भारतीय दर्शकों ने न सिर्फ सिद्धू मूसेवाला को पहचाना, बल्कि उनके नाम से जुड़े इस पेंडेंट को खरीदने में भी दिलचस्पी दिखाई। बातचीत के दौरान कंपनी के प्रतिनिधि ने उनके गाने भी सुनाए और बताया कि मूसेवाला के ट्रैक आज भी दुनियाभर में लाखों लोगों की प्लेलिस्ट का हिस्सा हैं।



