अमृतसर देहात में ड्यूटी के दौरान नशे में मिला SHO, DIG के निरीक्षण के बाद तत्काल निलंबित
अमृतसर.
अमृतसर में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाली एक गंभीर लापरवाही सामने आई है। बार्डर रेंज के डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल के औचक निरीक्षण के दौरान राजासांसी थाना के एसएचओ एएसआई हरजीत सिंह अपनी ड्यूटी छोड़कर थाने के कमरे में शराब के नशे में सोता मिला।
हैरानी की बात यह रही कि जिस समय उसकी नाके पर ड्यूटी लगी हुई थी, उस समय वह अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय कमरे में आराम कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी ने मौके पर ही उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दे दिए। जानकारी के अनुसार, डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल देर रात देहात क्षेत्र के विभिन्न पुलिस थानों का औचक निरीक्षण कर रहे थे। निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली, अनुशासन और कानून-व्यवस्था से जुड़े प्रबंधों की समीक्षा करना था। इसी क्रम में जब वह राजासांसी थाना पहुंचे तो वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों की उपस्थिति और तैनाती की जांच की गई।
जांच के दौरान नाके पर नहीं मिला एएसआई
जांच के दौरान संबंधित सहायक उपनिरीक्षक अपनी निर्धारित ड्यूटी पर मौजूद नहीं मिला। तलाश करने पर वह थाना परिसर के एक कमरे में सोता हुआ मिला। अधिकारियों के अनुसार वह शराब के नशे में था। इस पर डीआईजी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसके निलंबन के आदेश जारी कर दिए। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना रिकॉर्ड, हथियारों के रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी प्रबंधन की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने थाना प्रभारी सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या गैर-जिम्मेदाराना रवैया किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कर्मियों की नियमित निगरानी के दिया आदेश
उन्होंने कहा कि पुलिस का पहला दायित्व आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। यदि पुलिस कर्मचारी स्वयं अपनी जिम्मेदारियों का पालन नहीं करेंगे तो जनता का भरोसा प्रभावित होगा। इसलिए ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन, ड्यूटी से अनुपस्थित रहना या लापरवाही गंभीर अनुशासनहीनता मानी जाएगी। डीआईजी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि पुलिस कर्मियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और यह देखा जाए कि प्रत्येक कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और अनुशासन के साथ निभा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में बिना किसी पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।



