प्रधानमंत्री मोदी 17 जुलाई को जींद में हाइड्रोजन ट्रेन का करेंगे उद्घाटन

जींद
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को हाइड्रोजन ट्रेन के साथ जींद और नरवाना में नवनिर्मित अमृत भारत स्टेशन का भी उद्घाटन करेंगे। साथ ही प्रदेशभर की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री सुबह 10 बजे जींद पहुंचेंगे।

इस राष्ट्रीय उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए नार्दन रेलवे कई शैक्षणिक कार्यक्रम करने की योजना बना रहा है। इसके लिए रेलवे ने जींद खंड शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर पांच स्कूलों में ड्राइंग व निबंध प्रतियोगिता करवाने के लिए कहा है। इसमें सातवीं व आठवीं कक्षा के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।

कैसे चुने जाएंगे विद्यार्थी?
प्रतियोगिता के विषय- मेरे शहर का विकसित स्टेशन कैसा होगा और विकसित भारत बनाने के लिए मैं क्या करूंगा/करूंगी होंगे। विजेता विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री उद्घाटन समारोह में सम्मानित करेंगे। साथ ही उद्घाटन के बाद हाइड्रोजन ट्रेन में जींद से सोनीपत जाने के लिए 50 स्कूली विद्यार्थियों चयन करने के लिए कहा गया है।

विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनके साथ शिक्षकों का भी दल जाएगा। ये विद्यार्थी जींद से सोनीपत जाएंगे और वापस इसी ट्रेन से जींद आएंगे। जींद खंड शिक्षा अधिकारी सरोज श्योकंद ने बताया कि रेलवे की तरफ से पत्र आया है।

रैली की तैयारियों में जुटे मंत्री, विधायक व संगठन
रैली की तैयारियों में मंत्री, विधायक व पार्टी संगठन जुटे हुए हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता लगातार पदाधिकारियों की बैठकें ले रही हैं। संगठन की तरफ से रैली का संयोजक राज्यसभा सदस्य संजय भाटिया को बनाया गया है।

वहीं, सरकार की तरफ से मंत्री कृष्ण बेदी और विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रैली इको फ्रेंडली करने का फैसला लिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *