बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार की हत्या, 4 नाबालिग फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बिलासपुर.
बिलासपुर जिले में बाल संप्रेक्षण गृह के पदस्थ सुरक्षा गार्ड की हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. सोमवार सुबह शव मिलने से पूरे परिसर में हड़ंकप गया है. मृतक की पहचान तखतपुर के अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खांडे के रूप में हुई है.
प्रारंभिक तौर पर वारदात में चार नाबालिगों के शामिल होने का आरोप है, जो फिलहाल फरार हैं. जानकारी के मुताबिक, वारदात में शामिल चारों नाबालिगों ने पहले चौकीदार के साथ मारपीट की, फिर हाथ-पैर बांधकर गला दबा दिया और मुंह में गमछा ठूंस दिया. इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए. मृतक पिछले एक साल से चौकीदार के रूप में कार्यरत था.
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
घटना की सूचना के बाद सरकंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. पंचानामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया गया है. वहीं मृतक के परिजन खबर मिलने पर बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचे. मृतक के परिजनों का आरोप है कि नरेंद्र कुमार खांडे को सप्ताहिक छुट्टी नहीं दी जाती है. सिंह सर और अधीक्षक मैडम ने मर्डर करवाया है.
बाल अपचारियों की तलाश में पुलिस
बाल अपचारियों की तलाश में पुलिस ने अलग-अलग टीमों को सक्रिय कर दिया है. फॉरेंसिक टीम सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से बरामद साक्ष्य की जांच कर रही है. अब तक हत्या की वजह सामने नहीं आई है.



