राजस्थान में नशे पर सख्त राज्यपाल, बोले- नशे में मिले कर्मचारी तुरंत हों सस्पेंड
जयपुर
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने नशामुक्ति के लिए सभी स्तरों पर जवाबदेही तय किए जाने पर जोर दिया है। उन्होंने मुख्य सचिव स्तर पर इसके लिए त्वरित परिपत्र जारी किए जाने और नशामुक्ति के लिए प्रदेश में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नशामुक्त राजस्थान के अंतर्गत महीने भर के लिए विशेष अभियान चलाए जाने का भी आह्वान किया।
राज्यपाल बागडे शुक्रवार को मादक पदार्थों के नियंत्रण, नशामुक्त भारत के प्रभावी क्रियान्वयन तथा भावी कार्ययोजना के लिए लोकभवन में हुई समीक्षा बैठक में संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने कहा कि सरकारी विभागों में कहीं कोई नशे में लिप्त मिले तो तुरंत संस्पेंड किया जाए। विश्वविद्यालयों में भी यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मादक पदार्थों के सेवन करने वालों पर सख़्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने सीमा क्षेत्र से ड्रोन द्वारा नशीले पदार्थों को भेजे जाने पर चिंता जताते हुए इस सम्बन्ध में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की बात कही।
राज्यपाल ने कहा कि राज्य में कहीं भी किसी तहसील, गांव और कस्बे में नशीले पदार्थ पकड़े जाते हैं तो वहां के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा की जाए और उनकी भी इस सम्बन्ध में जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा बड़े बड़े होटलों और सार्वजनिक स्थानों की निगरानी रखते हुए नशामुक्ति अभियान में गंभीर होकर कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को स्वयं भी सजग रहने, नशे से दूर रहने और मादक पदार्थों के उपयोग को रोके जाने के लिए निरंतर कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने एक तरफ नशामुक्ति अभियान चलाने और दूसरी तरफ शराब की बिक्री से बढ़ती नशे की प्रवृति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि स्कूलों में नैतिक मूल्यों के प्रसार को बढ़ावा देने से ही समाज में मादक पदार्थों के सेवन की प्रवृति को रोका जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशा आग है। यह तेजी से फैलती है। इसलिए इसे रोका जाना चाहिए।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि केंद्र सरकार की पहल पर नशामुक्ति अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान और मादक पदार्थ नियंत्रण के लिए राजस्थान में तय प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक श्री राजीव शर्मा ने पुलिस विभाग द्वारा नशामुक्ति के लिए किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया। पूर्व में पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने नशे की बढ़ती प्रवृति और राजस्थान में नशीले पदार्थों की तस्करी और रोकथाम पर चले अभियानों के बारे में विस्तार से प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
पूर्व में राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी ने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी।



