SA vs AUS: ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट सीरीज के लिए टीम का किया ऐलान, कूपर कोनोली समेत 3 नए चेहरे शामिल

 मेलबर्न
साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया. खराब फॉर्म के बावजूद मार्नस लाबुशेन को चयनकर्ताओं ने टीम में बनाए रखा है. बांग्लादेश के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ रही टेस्ट सीरीज में लाबुशेन का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था. टीम में कूपर कोनोली, मैथ्यू कुह्ननमैन और माइकल नेसर को शामिल किया गया है। 

बांग्लादेश के खिलाफ मार्नस लाबुशेन ने 1, 31 और 4 रन बनाए थे. टेस्ट क्रिकेट में उनका आखिरी शतक जून 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में आया था. उस मैच में उन्होंने नाबाद 111 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को हार से बचाने में अहम भूमिका निभाई थी. इसके बाद से लाबुशेन 43 टेस्ट पारियों में 24.69 की औसत से ही रन बना पाए हैं. 2019 की एशेज सीरीज के बाद से लाबुशेन ऑस्ट्रेलिया के लिए नंबर तीन पर 95 पारियां खेल चुके हैं. इस पोजीशन पर उनका लंबा अनुभव भी उनके पक्ष में गया है। 

23 वर्षीय कूपर कोनोली पर सबकी निगाहें होंगी. इस साल जून में बांग्लादेश के खिलाफ ओडीआई मैच में 149 रनों की शानदार पारी खेलने के बाद उनके चयन की संभावनाएं मजबूत हुई थीं. कोनोली ने 2025 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था. उस समय उन्होंने नंबर आठ पर बल्लेबाजी की थी. कोलोन ने तब नाथन लायन और मैथ्यू कुह्नमैन के साथ स्पिन विकल्प के तौर पर भूमिका निभाई थी. हालांकि, पीठ की समस्या के कारण कुछ समय से गेंदबाजी नहीं कर पा रहे हैं। 

लायन-कुह्नमैन की जोड़ी ढाएगी कहर
दूसरे स्पिनर के लिए ऑस्ट्रेलिया ने मैथ्यू कुह्नमैन को टॉड मर्फी से आगे रखा है. नाथन लायन के साथ कुह्नमैन की जोड़ी को साउथ अफ्रीका की परिस्थितियों में आजमाया जा सकता है. खास तौर पर गकेबरहा में होने वाले दूसरे टेस्ट में स्पिनरों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है. कोविड-19 महामारी के बाद से इस मैदान पर तेज गेंदबाजों की तुलना में स्पिनर्स ने अधिक विकेट हासिल किए हैं। 

माइकल नेसर को बांग्लादेश सीरीज से पहले लगी पिंडली की चोट के कारण बाहर होना पड़ा था. अब फिट होने के बाद उन्हें टीम में जगह मिल गई है. नेसर का जन्म साउथ अफ्रीका में हुआ था, इसलिए वहां टेस्ट खेलने का मौका उनके लिए खास होगा. मैथ्यू रेनशॉ को भी टीम में बरकरार रखा गया है. वह ट्रेविस हेड के साथ ओपनिंग विकल्प के तौर पर टीम में शामिल हैं। 

साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का पहला टेस्ट 9 अक्टूबर से डरबन में खेला जाएगा. फिर दूसरा मुकाबला 18 अक्टूबर से गकेबरहा में आयोजित होना है. तीसरा एवं आखिरी टेस्ट 27 अक्तूबर से केपटाउन में निर्धारित है। 

साउथ अफ्रीका दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट स्क्वॉड: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुह्नेमैन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लायन, माइकल नेसर, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क और ब्यू वेबस्टर। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *