केदारनाथ हेली टिकट बुकिंग शुरू, पहले दिन 55% टिकट बुक; 15 दिनों के लिए खुले 9 हजार टिकट
देहरादून
केदारनाथ धाम के लिए हेली टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है। ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग के पहले दिन देर शाम तक 55 प्रतिशत यानी पांच हजार टिकट बुक हो चुके थे। यह बुकिंग देर रात तक जारी रही।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाओं के दूसरे चरण में 15 दिन यानी 30 सितंबर के लिए ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग शुरू की है। इसके लिए 9000 हजार टिकट इन 15 दिनों की बुकिंग के लिए रखे गए हैं।
15 दिनों के लिए खोले गए 9000 टिकटों में से हुई 5000 की बुकिंग
बुकिंग को लेकर यद्यपि, इस बार पहले जैसा उत्साह नहीं देखा गया। पूर्व में टिकटों की बुकिंग शुरू होने के कुछ घंटों में ही टिकट बुक हो जाते थे। इस बार देर शाम तक पांच हजार टिकटों की बुकिंग ही हुई थी। यद्यपि, माना जा रहा है कि देर रात अथवा मंगलवार तक यह सारे टिकट बुक हो जाएंगे।
हेलीपैड पर भी मिल सकेंगे टिकट
यूकाडा ने इस वर्ष हेलीपैड पर भी काउंटर लगाकर टिकटों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास किया है। पहले चरण में भी काउंटर पर टिकट उपलब्ध कराए गए थे।



