UKSSSC ने बदला सात परीक्षाओं का शेड्यूल, अभ्यर्थी नोट कर लें नई तारीखें
देहरादून.
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने सात परीक्षाओं के प्रस्तावित कार्यक्रम में संशोधन किया है। आयोग ने यह निर्णय अभ्यर्थियों के अनुरोध और परीक्षाओं के सफल संचालन में प्रशासकीय सुगमता को ध्यान में रखते हुए लिया है।
आयोग कार्यालय की ओर से 25 अगस्त 2026 को जारी परीक्षा कार्यक्रम में यह संशोधन किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार पशुधन प्रसार अधिकारी और सर्वेक्षक की परीक्षा अब 18 अक्टूबर को होगी। इस परीक्षा की पूर्व प्रस्तावित तिथि 20 सितंबर थी। साहसिक खेल अधिकारी, कैमरामैन और प्राविधिक सहायक (इतिहास) की परीक्षा अब 20 सितंबर को होगी। इनकी परीक्षा पहले 18 अक्टूबर को प्रस्तावित थी।
सहायक लेखाकार (विभिन्न विभाग) और वैयक्तिक सहायक (विभिन्न विभाग) की परीक्षा की तिथि भी संशोधित की गई है। दोनों परीक्षाएं अब एक नवंबर को प्रस्तावित हैं। विज्ञान विषय से संबंधित विभिन्न पदों की परीक्षा के संबंध में आयोग ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम में 17 जनवरी 2026 की तिथि त्रुटिवश अंकित हुई थी। इसे 17 जनवरी 2027 पढ़ा जाएगा।



