वन मंत्री केदार कश्यप ने हितग्राहियों को सौंपी आवास की चाबी, वनाधिकार पत्र और योजना सहायता
रायपुर
सेवा संकल्प अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में आयोजित सेवा सेतु शिविर में दूरस्थ अंचलों से पहुंचे ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। वन मंत्री केदार कश्यप ने हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नवनिर्मित आवास की चाबी, व्यक्तिगत वनाधिकार पत्र, विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र एवं विभिन्न योजनाओं के तहत दी जाने वाली सहायता प्रदान की।
वन मंत्री कश्यप ने कहा कि प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को जोड़ने के साथ उनकी पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना है। कश्यप ने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहे बीजापुर में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में अनेक चुनौतियां रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प और सुरक्षा बलों के अदम्य शौर्य और प्रयासों से बीजापुर सहित देश को नक्सल मुक्त घोषित किया गया है। अब जिले में अब शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण बना है तथा विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
एक ही स्थान पर मिली विभिन्न योजनाओं का लाभ
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पक्के आवास की चाबी और पात्र परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति पत्र दिए गए। वनवासियों को व्यक्तिगत वनाधिकार पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, श्रमिक पंजीयन पत्र तथा छात्रवृत्ति संबंधी सहायता दी गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े स्व-सहायता समूहों को ऋण एवं आर्थिक सहायता प्रदान की गई। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
स्वच्छाग्राही दीदियों और शिक्षा दूतों का सम्मान
कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में योगदान देने वाली स्वच्छाग्राही दीदियों और शिक्षा के क्षेत्र में सेवाएं देने वाले शिक्षा दूतों को सम्मानित किया गया। नक्सल हिंसा में मृत शिक्षा दूतों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित नुक्कड़ नाटक, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण-पत्र दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं के लिए पारंपरिक गोद भराई कार्यक्रम आयोजित कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
विभागीय स्टॉलों पर दी गई योजनाओं की जानकारी, स्वास्थ्य जांच की मिली सुविधा
शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, विद्युत और आदिवासी विकास सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। पात्र हितग्राहियों को यथासंभव मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय परामर्श भी उपलब्ध कराया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं हितग्राही उपस्थित रहे।



