उत्तराखंड में आंचल ब्रांड लॉन्च करेगा मिनरल वॉटर, फरवरी से महंगा होगा दूध
हल्द्वानी.
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ आंचल ब्रांड से अब पानी भी बेचने की तैयारी कर रहा है। जल्द ही दुग्ध संघ की ओर से मिनरल वॉटर का प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। यह बात नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कही।
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ का 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन का पीलीकोठी स्थित एक बैंक्वेट हाल में आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद दिनेश आर्या, विशिष्ट अतिथि कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, मेयर गजराज बिष्ट आदि ने दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पूर्व लोकगायक दक्ष कार्की ने गीत गाकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। मंच से अध्यक्ष बोरा ने कहा की जिले में 710 दुग्ध समितियों के सचिवों का संघ ने एक लाख रुपए का बीमा करवाया है। कहा कि दुग्ध उत्पादकों की आय बेहतर करने के लिए फरवरी से आंचल के दूध में तीन रुपए की वृद्धि की जाएगी। वहीं आंचल ब्रांड का पानी बेचने के लिए मिनरल प्लांट की स्थापना की जाएगी।
क्रीम के एक किलोग्राम पैक पर सबसे अधिक बढ़ोतरी –
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने आंचल ब्रांड के दूध और दुग्ध उत्पादों की नई मूल्य सूची 20 नवंबर को जारी की थी। इस बढ़ोतरी के तहत विभिन्न उत्पादों की कीमतों में दो रुपये से लेकर 50 रुपये तक का इजाफा किया गया है। दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि नई मूल्य सूची में आंचल दूध, पनीर और क्रीम सहित कई उत्पादों के दाम बढ़ाए गए हैं। सबसे अधिक बढ़ोतरी आंचल क्रीम के एक किलोग्राम पैक पर हुई है। इसकी कीमत 530 रुपये से बढ़कर 580 रुपये निर्धारित की गई है।
आंचल गोल्ड फुल क्रीम मिल्क के छह लीटर पैक की कीमत 426 रुपये से बढ़कर 450 रुपये हो गई है। आंचल शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क के छह लीटर पैक की कीमत 355 रुपये से बढ़ाकर 372 रुपये कर दी गई है। दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक ने बताया कि आंचल गाय के दूध की कीमत 58 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर हुई है। शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क की कीमत 60 रुपये से बढ़कर 63 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है। डबल टोंड मिल्क की कीमत 54 रुपये से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर हो गई है। आंचल पनीर के 180 ग्राम पैक की कीमत 80 रुपये से बढ़ाकर 85 रुपये कर दी गई है।
अन्य दुग्ध संस्थानों ने भी बढ़ाए दाम
यह बढ़ोतरी केवल आंचल ब्रांड तक सीमित नहीं है। इससे पहले 12 नवंबर को अमूल और मदर डेयरी ने भी अपने उत्पादों के दाम बढ़ाए थे। अन्य निजी दुग्ध संस्थानों ने भी कीमतों में वृद्धि की थी। यह कदम बाजार की मौजूदा स्थिति को दर्शाता है।



