रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए UP रोडवेज की खास तैयारी, 31 अगस्त तक चलेंगी अतिरिक्त बसें
लखनऊ
रक्षाबंधन पर महिलाओं की सुविधा के लिए परिवहन निगम बसें चला रहा है। 31 अगस्त तक अधिक से अधिक बसों का संचालन जारी रहेगा। प्रमुख बस स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों व पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है।
26 से 31 अगस्त छह दिनों में 1800 किलोमीटर बस संचालन पूरा करने वाले ड्राइवरों, कंडक्टराें को 1200 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी। 1800 किलोमीटर से अधिक संचालन पर संविदा कर्मचारियों को अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से अतिरिक्त भुगतान होगा।
मुफ्त यात्रा पर राज्यपाल की मुहर
लोकमाता अहिल्या बाई मातृ शक्ति यात्रा योजना के तहत प्रदेश की 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को परिवहन निगम की साधारण बसों में 28 अगस्त से मुफ्त यात्रा सुविधा देने की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने स्वीकृति दिया है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि यह सुविधा उस महिला यात्री को मिलेगी जिसकी आयु 60 वर्ष से अधिक हो और उत्तर प्रदेश की निवासिनी हो।
परिवहन मंत्री ने बताया कि वास्तविक निश्शुल्क यात्रा व प्रतिपूर्ति की धनराशि का आंकलन परिवहन निगम करेगा। निगम हर माह मुफ्त यात्राओं व देय प्रतिपूर्ति का वास्तविक व्यय व उपभोग का संकलित सत्यापित विवरण परिवहन विभाग व शासन को उपलब्ध कराया जाएगा। लाभार्थियों को मुफ्त यात्रा के संंबंध में स्मार्ट कार्ड जारी के लिए निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे।



